भागवत कथा समापन पर हुआ पद दंगल व भंडारे का आयोजन
सकट (कमलेश जैन) कस्बे की आसन की डुंगरी ख़ाक नाथ बाबा मंदिर पर नवनिर्मित नव कुंडात्मक यज्ञशाला पूजन कार्यक्रम को लेकर चल रही श्रीमद् भागवत कथा का समापन बुधवार को पूर्णाहुति व भंडारे के साथ हुआ। यहां आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर भंडारे की प्रसादी ग्रहण की। आयोजक कमेटी के छुट्टन लाल मीणा ने बताया कि भंडारा शुरू होने से पूर्व पं रामबाबू शर्मा के द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारणो के साथ यज्ञशाला में श्रीमद् भागवत कथा की पूर्णाहुति का कार्यक्रम संपन्न करने के साथ ही शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने यज्ञ वेदी में पूर्णाहुति डालकर भगवान से क्षेत्र की खुशहाली में सुख समृद्धि की कामना की।
वही कथा वाचक साईं राम महाराज ने श्रीमद भागवत कथा की महिमा का गुणगान किया और उन्होंने लोगों से भक्ति मार्ग से जुड़ने और सत्कर्म करने को कहा। वशिष्ठ ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति भव सागर से पार हो जाता है। श्रीमद भागवत से जीव में भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य के भाव उत्पन्न होते हैं। कथा समापन के मौके पर यहां पद दंगल का आयोजन हुआ पद दंगल में राम सिंह डोरोली, लल्लू राम सैनी पिनान, श्यामलाल गढ़मोरा, बलराम रूपबास व कमलेश खेड़िया एण्ड पार्टी के कलाकारों के द्वारा शिव पार्वती,भगवान श्री राम व कृष्णा राजा हरिश्चंद्र राजा भर्तृहरि जी सहित अन्य देवी देवताओं की लोक कथाओं के माध्यम से धार्मिक व पौराणिक प्रस्तुतियां दी गई जिन्हें सुनकर श्रद्धालु मंत्र मुग्ध हो गए। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि फूलचंद सैनी,पूर्व सरपंच मोतीलाल मीणा,गोपाल लाटा, मोतीलाल गुर्जर, रामकरण मीणा, रामस्वरूप बाबूजी, नरसीराम, जगदीश प्रसाद, पप्पू राम मीणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

