वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान; 28 मई को जिला स्तरीय कार्यशाला होगी आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में 28 मई को सायं 3 बजे बृज उद्योग संघ कार्यालय, रीको औद्योगिक क्षेत्र में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
जिला एवं उद्योग वाणिज्य केन्द्र महाप्रबंधक सीएम गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत जिले में सघन वृक्षारोपण, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने हेतु प्रभावी गतिविधियाँ संचालित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न औद्योगिक संगठनों, सीएसआर कंपनियों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से जल संरक्षण कार्यों को और अधिक गति प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला में जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग के अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.2 एवं 2.3 के संबंध में विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी जाएगी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के अंतर्गत राज्य मद से अनुमोदित कार्यों में गैप फंडिंग हेतु अधिकाधिक जनसहयोग एवं सीएसआर सहयोग प्राप्त करने पर विशेष चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा की विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया जाएगा कि जनसहयोग राशि एवं सीएसआर सहयोग राशि पंचायतीराज विभाग के अधीन जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग के राज्य स्तरीय खाते में जमा करवाई जा सकती है। इसके लिए खाता संख्या 4064002100022603 पंजाब नेशनल बैंक, नेहरू प्लेस शाखा, जयपुर निर्धारित किया गया है। जिसका आईएफएससी कोड PUNB0406400 है।
कार्यशाला में जिले की सीएसआर कंपनियों, विभिन्न औद्योगिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों, चार्टेड अकाउंटेंट्स एवं अन्य संबंधित हितधारकों की उपस्थिति अपेक्षित है।


