जल जीवन मिशन (JJM) की समीक्षा बैठक: अवैध नल कनेक्शन काटने और क्षतिग्रस्त सड़कों को तुरंत दुरुस्त करने के जिला कलक्टर ने दिए निर्देश
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी बरसात के मौसम को देखते हुये जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों को शीघ्र एवं गुणवत्ता पूर्ण ठीक कराया जाये जिससे आमजन को परेशानी न हो। उन्होंने निर्देशित किया कि अवैध नल कनेक्शनों को काटने की कार्यवाही करते हुये उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नलकूपों, हैंडपंपों तथा लीकेज पाइपलाईनों को त्वरित गति के साथ ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी व पीएचईडी विभाग आपस में समन्वय रखते हुये कार्यों को गति दें जिससे विकास कार्य समय पर पूर्ण हो सकें। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत करवाए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया को समय से पूर्ण कर लिया जाये ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी) ग्रामीण परिवारों को नियमित आधार पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने हेतु नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिये कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत ग्राम एवं जल स्वच्छता समिति में नामित नल जल मित्रों की आवश्यक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्रों की पारदर्शिता की दृष्टि से गहनता से जांच की जाये। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन दिए गए हैं, 26 मई को होने वाली ग्राम आमसभा में हर घर नल प्रमाण पत्र लेना सुनिश्चित करें।
अधीक्षण अभियन्ता जलदाय एनके वर्मा ने जल जीवन मिशन के तहत कराये जा रहे कार्यों की प्रगति, ग्रीष्मकालीन कन्टीजेंसी योजना के कार्यों एवं शत-प्रतिशत एफएचटीसी वाले ग्रामों की प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में अतिरिक्त जिला शहर राहुल सैनी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेखा रानी, अधीक्षण अभियन्ता वृहद परियोजना चम्बल एचके अग्रवाल सहित सभी खंडों के अधिशाषी एवं सहायक अभियन्ता मौजूद रहे।


