स्वस्तिधाम में आज से भाजपा का मंथन शिविर, दिग्गज नेताओं का जुटेगा जमावड़ा
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भीलवाड़ा जिला संगठन का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से जहाजपुर के स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में शुरू। शिविर में जिलेभर से भाजपा जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे। पहले दिन 6 अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्र और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता मार्गदर्शन देंगे।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि शिविर में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए सरल एप के माध्यम से जीपीएस लोकेशन सहित ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। रात्रिकालीन मनोरंजन सत्र भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पीएम मोदी के संदेश पर बस से पहुंचे भाजपाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत अभियान से प्रेरित होकर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा अपनी प्रबंधन टीम के साथ भीलवाड़ा से रोडवेज बस के जरिए स्वस्तिधाम पहुंचे। विशेष बात यह रही कि सभी कार्यकर्ताओं ने नियमानुसार टिकट लेकर यात्रा की। जहाजपुर पहुंचने पर विधायक गोपीचंद मीणा और मंडल अध्यक्ष महेंद्र खटीक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
- “प्रदेश में मिसाल बनेगा शिविर” — मेवाड़ा
शिविर की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने 45 सदस्यीय प्रबंधन समिति की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की प्रतिबद्धता इस प्रशिक्षण शिविर को ऐतिहासिक बनाएगी। प्रदेश और केंद्र के वरिष्ठ नेताओं का सान्निध्य कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देगा।
भगवा रंग में सजा स्वस्तिधाम परिसर
स्वस्तिधाम मांगलिक भवन को भाजपा झंडों, बैनरों और स्वागत द्वारों से आकर्षक रूप दिया गया है। आवासीय कक्षों और सभागारों को भाजपा के महापुरुषों एवं दिवंगत नेताओं के नाम समर्पित किया गया है। दो दिनों तक यहां 250 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
- ये नेता करेंगे कार्यकर्ताओं को संबोधित
प्रथम दिन आयोजित होने वाले सत्रों में कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत, भाजपा राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, मिथिलेश गौतम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी तथा सांसद दामोदर अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेंगे।


