पचलंगी में GSS कार्यालय व झड़ाया में पशु चिकित्सालय खुलवाने की मांग, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी को सौंपा ज्ञापन
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) उपखंड क्षेत्र के झड़ाया और आस-पास के ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान हेतु भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन प्रमुख समाजसेवी मदनलाल भावरिया के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिया गया।
पूर्व विधायक को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मुख्य रूप से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं:
-
पचलंगी में GSS कार्यालय की स्थापना: पिछले कई वर्षों से पचलंगी में जीएसएस (GSS) कार्यालय नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं और प्रशासनिक कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
-
झड़ाया में पशु चिकित्सालय: ग्रामीण क्षेत्र में पशुधन की बहुलता को देखते हुए झड़ाया में एक नए पशु चिकित्सालय को खुलवाने की पुरजोर मांग की गई ताकि मवेशियों को समय पर चिकित्सा लाभ मिल सके।
-
कैरोठ मार्ग का नवनिर्माण: झड़ाया से कैरोठ की तरफ जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह से टूटकर बिखर चुका है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने इस पूरी सड़क को उखाड़कर नई डामर सड़क बनवाने की मांग की है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी ने कहा कि बिजली, सड़क और स्वास्थ्य क्षेत्र की ये मांगें बेहद जरूरी हैं। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इन तीनों समस्याओं को संबंधित उच्चाधिकारियों और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाकर इनका जल्द से जल्द स्थायी समाधान करवाएंगे।
इस अवसर पर 108 कुंडीय श्री राम महायज्ञ के व्यवस्थापक विकास जांगिड़, मीडिया प्रभारी अशोक जांगिड़, सेवानिवृत्त पीटीआई भगवान सहाय यादव, महेंद्र तेतरवाल, मुक्तिलाल सैनी (पचलंगी), विद्वान पंडित संजय शास्त्री सहित कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।


