जनगणना कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता एवं प्रगति का लिया जायजा
भरतपुर, (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) राष्ट्रीय जनगणना कार्यक्रम के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में चल रहे फील्ड कार्यों का मंगलवार को जनगणना निदेशालय जयपुर एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण कर प्रगति एवं गुणवत्ता का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण दल ने तहसील भरतपुर, तहसील भुसावर एवं नगरपालिका भुसावर क्षेत्र का दौरा कर जनगणना कार्यों की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया। अधिकारियों ने प्रगणकों द्वारा अपने आवंटित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) क्षेत्रों में किए जा रहे सर्वेक्षण कार्यों का रिकॉर्ड जांचा तथा मकानों एवं परिवारों की प्रविष्टियों के साथ तैयार किए गए नजरी नक्शों की भी समीक्षा की।
अधिकारियों ने प्रगणकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मकान एवं परिवार से संबंधित जानकारी पूर्ण सावधानी, सटीकता एवं पारदर्शिता के साथ दर्ज की जाए, ताकि जनगणना के आंकड़े वास्तविक स्थिति को प्रतिबिंबित कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रगणक आमजन के साथ आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहने दें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसमें गुणवत्ता और विश्वसनीयता सर्वाेपरि है। सही एवं अद्यतन आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण और नीति निर्धारण का आधार बनते हैं। उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक (सांख्यिकी) रामेश्वर महावर ने बताया कि जिले के 14 चार्ज क्षेत्रों में मकान सर्वेक्षण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। अब तक कुल 3 लाख 61 हजार 595 मकानों में से 3 लाख 52 हजार 538 मकानों का सर्वेक्षण पूरा किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 97 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक परिवार से 33 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक सामाजिक, आर्थिक एवं आवासीय जानकारी एकत्रित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक (सांख्यिकी) कल्याण सहाय मीणा, जनगणना जिला समन्वयक मयंक गर्ग, सुरेश मीणा, चार्ज जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार भरतपुर, तहसीलदार भुसावर, अधिशाषी अधिकारी भुसावर सहित सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे।


