विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तय समय में पूरा हो काम: विधायक सुखवंत सिंह
बड़ौदामेव (अलवर)। स्थानीय विधायक सुखवंत सिंहने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और राजकीय बालिका कॉलेज के भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों और संवेदक (ठेकेदार) को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए।
- 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत किया पौधारोपण
निरीक्षण के साथ ही विधायक सुखवंत सिंह ने पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान पर चल रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर आमजन से प्रकृति संवर्धन की अपील करते हुए विधायक ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, और यह पहल इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
- अंतिम छोर तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य
केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूरे हुए हैं, जिससे देश के विकास को नई गति मिली है। इसी संकल्प के साथ रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। हमारा मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


