निम्बार्क आश्रम में 501 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियों का वितरण; मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची उपासना: महंत मोहनशरण शास्त्री
भीलवाड़ा, (राजकुमार गोयल)। गांधी नगर स्थित निम्बार्क आश्रम में रविवार को सेवा, समर्पण एवं परोपकार के भाव के साथ एक विशाल सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री निम्बार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महंत मोहनशरण शास्त्री के पावन सानिध्य में 501 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया गया।
इस सेवा कार्य में श्री निम्बार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट के जिला संरक्षक बी.एल. जोशी, युवा ब्रह्म शक्ति मेवाड़ की महिला प्रदेश अध्यक्ष नीलम शर्मा, सदस्या दीपिका अरोड़ा एवं रतन पारीक की विशेष उपस्थिति रही। उपस्थित अतिथियों ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत मोहनशरण शास्त्री ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा: "सेवा, दया और परोपकार भारतीय संस्कृति की मूल भावना हैं। प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समाज के जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची उपासना है। ऐसे कार्य समाज में प्रेम, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।"
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आमजन और गणमान्य नागरिकों ने महंत मोहनशरण शास्त्री के सेवा भाव एवं समाजोत्थान के निरंतर कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।


