रामसीन में शनिधाम मंदिर का 11वां व शनैश्वर महादेव मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव 19 को, जुटेंगे दिग्गज नेता
दो दिवसीय महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर; विशाल भजन संध्या, शोभायात्रा, प्रतिभा सम्मान और रक्तदान शिविर होंगे मुख्य आकर्षण।
सिरोही।(रमेश सुथार) घांची समाज शिक्षा सेवा समिति रामसीन परगना के तत्वावधान में श्री शनिधाम मंदिर का 11वां वार्षिकोत्सव और श्री शनैश्वर महादेव मंदिर का प्रथम वार्षिकोत्सव आगामी 19 जून, शुक्रवार को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस भव्य महोत्सव को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मंदिर परिसर में विशाल पांडाल और आकर्षक स्वागत द्वार सजाए जा रहे हैं।
शनिधाम ट्रस्ट के अध्यक्ष हरजीभाई रामसीन, उपाध्यक्ष रतन भाटी नून और कोषाध्यक्ष भरत भाई कालन्द्री ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव की शुरुआत 18 जून, गुरुवार रात्रि को होगी, जिसमें पूज्य संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 19 जून को सुबह महाआरती के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और शुभ मुहूर्त में मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात भामाशाह लाभार्थियों व अतिथियों का स्वागत-सत्कार होगा।
- प्रतिभा सम्मान और रक्तदान शिविर भी होगा आयोजित
धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ इस महोत्सव में सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिलेगी। समाज की होनहार प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जहाँ एक ओर 'प्रतिभा सम्मान समारोह' रखा गया है, वहीं दूसरी ओर मानव सेवा के संकल्प के साथ एक विशाल स्वैच्छिक 'रक्तदान शिविर' का आयोजन भी किया जाएगा।
- समारोह में उमड़ेगा राजनेताओं का जमावड़ा
इस भव्य धार्मिक और सामाजिक आयोजन में प्रदेश के कई वरिष्ठ राजनेता और जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे। अतिथियों की सूची में मदन राठौड़ (भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद), ओटाराम देवासी (राज्यमंत्री, राजस्थान सरकार), लुम्बाराम चौधरी (सांसद), भीमराज भाटी (विधायक, पाली), समरजीत सिंह (विधायक, भीनमाल), अर्जुन पुरोहित (जिला प्रमुख, सिरोही) शामिल हैं:
इसके अलावा प्रधान हंसमुख कुमार, सरपंच महीपाल सिंह देवड़ा, भाजपा नेता छगनलाल घांची, पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा, रामसीन भाजपा मंडल अध्यक्ष छगनलाल कालन्द्री और कांग्रेस मंडल अध्यक्ष शिवलाल सहित कई गणमान्य लोग अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। महोत्सव को सफल बनाने के लिए कमेटी के सदस्य और रामसीन परगना घांची समाज के लोग दिन-रात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।


