प्रशासन की लापरवाही: एसडीएम आवास के पास 3 साल से टूटी सुरक्षा दीवार; अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, दो घायल
माउंट आबू (सिरोही) पर्यटन नगरी माउंट आबू में प्रशासनिक अनदेखी के चलते एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ एसडीएम (SDM) आवास के पास सर्वे ऑफ इंडिया मोड़ पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत सरकारी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ फिलहाल उनका उपचार चल रहा है।
- 3 साल से हादसे को न्योता दे रही थी क्षतिग्रस्त दीवार
स्थानीय निवासियों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहाँ की सुरक्षा दीवार पिछले 3 साल से ज्यादा समय से टूटी हुई है। इस जानलेवा मोड़ के बारे में पूर्व एसडीएम सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से कई बार अवगत कराया जा चुका था, लेकिन विभाग ने इसकी मरम्मत कराना जरूरी नहीं समझा।
- अधिकारियों की नाक के नीचे अनदेखी
हैरागी की बात यह है कि यह क्षतिग्रस्त दीवार वर्तमान एसडीएम आवास के बिल्कुल नजदीक है। प्रशासनिक अधिकारी और जिम्मेदार प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं, फिर भी किसी की नजर इस खतरे पर नहीं पड़ी। हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 'आबू विकास समिति' की हाई-प्रोफाइल बैठक भी हुई थी, जिसमें क्षेत्र के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन धरातल पर इस मूलभूत सुरक्षा दीवार को नजरअंदाज कर दिया गया।
जनता का आक्रोश: "एक तरफ प्रशासन आयोजनों और वीआईपी दौरों पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहा रहा है, वहीं दूसरी तरफ जनता और पर्यटकों की जान बचाने के लिए एक सुरक्षा दीवार तक नहीं बनवाई जा रही। क्या प्रशासन को किसी बड़े और जानलेवा हादसे का इंतजार था?"
हादसे के बाद अब स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मांग की जा रही है कि इस क्षतिग्रस्त दीवार की युद्धस्तर पर मरम्मत करवाई जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान पर न बन आए। यदि जल्द ही इस पर ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो स्थानीय संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।


