ग्रामीणों ने खुशी के अवसर पर किन्नरों को 1100 रूपये देने का निर्णय लिया
बहरोड़ (मयंक जोशीला) क्षेत्र के गांव गुगडिया में बुधवार को सर्वसमाज द्वारा किन्नर समाज को बधाई को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। गुगडिया निवासी राहुल यादव ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा बैठक का आयोजन कर, किन्नर समाज को बधाई के रूप में 1100 रुपए से अधिक नहीं देने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आज किन्नर जिसके घर में बधाई मांगने जाते हैं, वहां मनमानी राशि वसूलने के लिए अड़ जाते हैं। जबकि यह भी नहीं देखा जाता कि वह परिवार किस अवस्था में है। इसलिए गुगडिया ग्रामीणों ने कहा कि खुशी के अवसर पर किन्नर समाज को 1100 रूपए दिए जायेंगे। बैठक में पूर्व उप सरपंच विकास यादव, रामकुमार यादव, होशियार मास्टर, सुरेश साहब, हनुमान, जसवंत, कृष्ण सोदागर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।


