ग्राम पंचायत झारौटी में जागा विकास का नया सवेरा; एक ही दिन में 27 परिवारों को मिले आवासीय पट्टे
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं ग्रामीण विकासोन्मुखी सोच को साकार करते हुए भुसावर उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत झारौटी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। शिविर में वर्षों से अपने आवासीय पट्टों की प्रतीक्षा कर रहे 27 पात्र परिवारों को मालिकाना हक प्रदान करते हुए आवासीय पट्टों का वितरण किया गया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविर का उद्देश्य प्रशासन को सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इसी क्रम में झारौटी ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर के लिए पंचायत प्रशासन एवं राजस्व विभाग की टीम ने पूर्व तैयारी करते हुए प्राप्त आवेदनों की गहन जांच की, लंबित मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया तथा पात्र परिवारों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया।
शिविर का सबसे भावुक और ऐतिहासिक क्षण तब आया जब उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने एक ही दिन में 27 परिवारों को उनके आवासीय पट्टे सौंपे। पट्टा प्राप्त करते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष की चमक साफ दिखाई दी। वर्षों से अपने अधिकार और स्थायी पहचान की प्रतीक्षा कर रहे इन परिवारों के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं था। पट्टा प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में मौजी पुत्र चिरंजी, सप्पो देवी पत्नी कमल सिंह सहित 27 पात्र परिवार शामिल रहे। लाभार्थियों ने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने घर और जमीन पर कानूनी स्वामित्व प्राप्त हो गया है, जिससे उनका भविष्य अधिक सुरक्षित और सशक्त बनेगा।


