ट्रेन की चपेट में आने से विवाहिता की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता)। राजगढ़-मालाखेड़ा रेल मार्ग के मध्य स्थित कांदोली रेलवे फाटक के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय विवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतका का सिर धड़ से अलग हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
- मालगाड़ी की चपेट में आने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांदोली फाटक के पास से गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजगढ़ थाना पुलिस और नगरपालिका कर्मी जुगनू तंबोली की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पालिकाकर्मी की टीम के सहयोग से क्षत-विक्षत शव को संभाला और तुरंत राजगढ़ सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।
- चितोस गांव की निवासी थी मृतका
अस्पताल पहुंचने के बाद मृतका की शिनाख्त राजगढ़ के ग्राम चितोस निवासी शीला (35) पत्नी भुवनेश शर्मा के रूप में की गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया और रोते-बिलखते परिजन सीएचसी पहुंचे।
- सिर धड़ से हुआ अलग
सीएचसी के डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दुर्घटना के प्रभाव से मृतका का सिर धड़ से अलग हो गया था। पुलिस की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा मृतका के शव का पोस्टमार्टम किया गया और इसके बाद शव ससुराल पक्ष के सुपुर्द कर दिया गया।
- मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
इस हृदयविदारक हादसे के संबंध में मृतका के पति भुवनेश शर्मा ने राजगढ़ थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। महिला रेलवे ट्रैक के पास कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ, पुलिस इन सभी कारणों की गहनता से जांच कर रही है।


