पुलिस थाना तखतगढ़ की बड़ी सफलता चोरी की वारदात का खुलासा, महिला गैंग की 4 शातिर सदस्य गिरफ्तार; बातों में उलझाकर उड़ाए थे 40 किलो कांसे के बर्तन
तखतगढ़ (पाली/बरकत खान) दुकानदारों को अपनी बातों के जाल में फंसाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली जोधपुर की एक शातिर 'महिला गैंग' का तखतगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कोसेलाव कस्बे में एक बर्तन की दुकान से हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए गैंग की 4 महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी के माल की बरामदगी और अन्य वारदातों को लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।
- बर्तन देखने के बहाने आई थीं और थमा गईं चपत
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी भुदाराम पुत्र दुदाराम (निवासी दौलपुरा, हाल कोसेलाव) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीती 8 अप्रैल को दोपहर करीब 1:50 बजे उनकी बर्तन की दुकान पर चार अज्ञात औरतें आईं। औरतों ने बर्तन खरीदने की बात कहकर उन्हें तरह-तरह के आइटम दिखाने को कहा। जब दुकानदार बर्तनों को दिखाने में व्यस्त था, तभी महिलाओं ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और नजरें बचाकर दुकान में रखीं करीब 40 किलोग्राम वजनी कांसे की थालियां और कटोरियां पार कर दीं। औरतों के जाने के बाद जब भुदाराम को चोरी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तखतगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया।
- CCTV फुटेज और तकनीकी हुनर से घेरी गईं आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मोनिका सेन के निर्देशन और वृत्ताधिकारी सुमेरपुर जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में तखतगढ़ थानाधिकारी शैतान सिंह निषु के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच अधिकारी एएसआई हंसराज और टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। परंपरागत पुलिसिंग और तकनीकी सहायता (साइबर सेल) की मदद से संदिग्धों को ट्रैक किया गया। मुखबिर तंत्र सक्रिय होने पर पुलिस ने दबिश देकर चारों महिलाओं को दस्तयाब कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिलाओं ने कोसेलाव में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
- जोधपुर के एक ही इलाके की रहने वाली हैं चारों महिलाएं
गिरफ्तार की गईं चारों शातिर आरोपी महिलाएं जोधपुर के देवनगर थाना क्षेत्र के मसूरिया इलाके की रहने वाली हैं। गिरफ्तार आरोपियों कि पहचान रईसा (38) पत्नी बलवंत, मौसमी (49) पत्नी राजेश, पिंकी (35) पत्नी पप्पूराम, कमला (38) पत्नी भवानी के रूप मे कि गई है।
- माल बरामदगी और अन्य वारदातों पर अनुसंधान जारी
पुलिस अब गिरफ्तार महिलाओं से चोरी किया गया माल (40 किलो कांसे के बर्तन) बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस को अंदेशा है कि इस गैंग ने पाली और आस-पास के जिलों में भी इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया होगा, जिसके संबंध में गहनता से अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में कांस्टेबल भंवरलाल, महेंद्र कुमार, श्रवण कुमार, सांवला राम और महिला कांस्टेबल विमला व मंजू शामिल थीं।
पाली पुलिस की आमजन से अपील:
पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध आपराधिक गतिविधि दिखे, तो तत्काल पाली पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9251255006 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


