रामगढ़ में मेंटेनेंस के कारण 25 जून को 11 गांवों की बत्ती रहेगी गुल, 3 से 4 घंटे का रहेगा पावर कट
रामगढ़ (अलवर) जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जयपुर डिस्कॉम) द्वारा आवश्यक रखरखाव और मरम्मत कार्य के चलते 25 जून को रामगढ़ क्षेत्र और उससे जुड़े ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती 132 केवी जीएसएस रामगढ़ से निकलने वाले विभिन्न विद्युत फीडरों पर की जाएगी।
- दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक अलग-अलग समय पर रहेगी कटौती
सहायक अभियंता ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 132 केवी जीएसएस रामगढ़ से निकलने वाले सभी 33 केवी फीडरों की बिजली आपूर्ति दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक (3 घंटे) बंद रहेगी। इसके अलावा, 33 केवी अलावड़ा फीडर पर विशेष मरम्मत कार्य के कारण आपूर्ति दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक (4 घंटे) बाधित रहेगी।
- ये क्षेत्र रहेंगे प्रभावित
इस बिजली कटौती से रामगढ़, नौगांवा, मुबारिकपुर, अलावड़ा, पाटा, रघुनाथगढ़, सांथली, पिपरोली, बगड़मेव, जुगरावर और बहला सहित आसपास के कई गांवों तथा क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
डिस्कॉम अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने बिजली से जुड़े आवश्यक कार्य (जैसे पानी भरना, मोबाइल व इनवर्टर चार्जिंग आदि) पहले से ही पूर्ण कर लें। अधिकारियों के अनुसार, यदि मरम्मत का कार्य समय से पहले पूरा हो जाता है, तो आपूर्ति तुरंत बहाल कर दी जाएगी।


