पुलिस चौकी के समीप फायरिंग कारतूस का खाली खोल मिला आमजन में दहशत
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़-मालाखेड़ा मेगा हाइवे सड़क मार्ग के मध्य स्थित कोठीनारायणपुर पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। राजगढ़-अलवर सड़क मार्ग पर स्थित कोठीनारायणपुर पुलिस चौकी के पास अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कोठीनारायणपुर चौकी के हैडकांस्टेबल रमेश चंद ने बताया कि उन्हें अभी कारतूस का एक खाली खोखा मिला है। बाकी पुलिस जांच में लगी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ फायरिंग करने वालों की तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब रहे की गत दिनों पहले ढिगावड़ा में ज्वेलरी की दुकान में हुई चोरी का भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। ऐसे में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


