राजकीय महाविद्यालय मालाखेड़ा में नया सत्र 1 जुलाई से, होगा ओरिएंटेशन कार्यक्रम
अलवर (अनिल गुप्ता) जिले के राजकीय महाविद्यालय मालाखेड़ा में बीए प्रथम सेमेस्टर के नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है। सत्र के पहले दिन कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए विशेष स्वागत एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार विजय ने बताया कि 1 जुलाई को प्रातः 11 बजे से महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत लागू नवीन शिक्षा पद्धति की महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, कॉलेज में नियमित कक्षाओं के संचालन, परीक्षा प्रणाली और खेलकूद व सांस्कृतिक जैसी सह-शैक्षणिक गतिविधियों से रूबरू कराया जाएगा।
व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़े जाएंगे विद्यार्थी प्राचार्य डॉ. विजय ने बताया कि कॉलेज से जुड़ी हर छोटी-बड़ी डिजिटल सूचना व टाइम-टेबल समय पर देने के लिए कार्यक्रम के दौरान ही सभी विद्यार्थियों को महाविद्यालय के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सभी नव प्रवेशित विद्यार्थियों को अपने साथ 'प्रवेश शुल्क की रसीद' और 'मोबाइल फोन' लाना अनिवार्य है।


