समलेटी जीएसएस से विद्युत आपूर्ति शुरू, ग्रामीणों को मिलेगी ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज से राहत
महुवा (अवधेश अवस्थी) उपखंड क्षेत्र के ग्राम समलेटी में लंबे समय से प्रतीक्षित 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) से शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति (सप्लाई) का विधिवत शुभारंभ हो गया। क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा ने उपस्थित ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ पूजा-अर्चना कर सब-स्टेशन से बिजली चालू की।
- गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय बिजली मिलने का रास्ता साफ
इस अवसर पर विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि समलेटी में इस नए जीएसएस के चालू होने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इससे न केवल उपभोक्ताओं को सुचारू, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय बिजली मिलेगी, बल्कि बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से भी निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर बिजली आपूर्ति से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और कृषि कार्य को नई गति मिलेगी।
जीएसएस से विधिवत सप्लाई चालू होने पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने राहत महसूस की। इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष धारा सिंह पीपलखेड़ा, पूर्व कृषि उपज मंडी अध्यक्ष सीताराम समलेटी, योगेश शास्त्री सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


