साँवरिया सेठ के भक्तों को बड़ी सौगात: भीलवाड़ा से नौगांवा के लिए ई-बस सेवा शुरू, प्रतिदिन लगेंगे तीन फेरे
भीलवाड़ा (सत्यनारायण सेन) श्री साँवरिया सेठ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। भीलवाड़ा शहर से नौगांवा होते हुए गाडरमाला तक के लिए बहुप्रतीक्षित, पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक बस (ई-बस) सेवा का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है।इस पावन सेवा के शुरू होने पर पहले दिन ड्राइवर मुरली भाई और यात्रा करने वाले यात्रियों व श्रद्धालुओं का माला पहनाकर और भगवान का पवित्र प्रसाद बांटकर भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा स्टैंड साँवरिया सेठ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस मौके पर हेमंत शर्मा, कैलाश डाड, अजीत सिंह, सुनील नवाल मौजूद रहे।यह नई ई-बस सेवा प्रतिदिन इस मार्ग पर तीन फेरे लगाएगी, जिसके लिए रूट और समय-सारणी निर्धारित कर दी गई है। यह बस प्रतिदिन भीलवाड़ा में केशव हॉस्पिटल स्थित नगर निगम के ई-बस स्टैंड से रवाना होकर अजमेर चौराहा, बापू नगर, पुर गांव और नौगांवा साँवरिया सेठ मंदिर होते हुए गाडरमाला तक जाएगी, तथा वापसी में भी इसी मार्ग से होकर पुनः भीलवाड़ा पहुंचेगी।
निर्धारित समय-सारणी
- पहला फेरा (सुबह): सुबह का पहला फेरा केशव हॉस्पिटल ई-बस स्टैंड से सुबह 6:30 बजे रवाना होगा, जो 7:30 बजे नौगांवा और 8:00 बजे गाडरमाला पहुंचेगा। इसके बाद यही बस सुबह 8:30 बजे गाडरमाला से वापसी के लिए रवाना होकर सुबह 10:00 बजे भीलवाड़ा पहुंचेगी।
- दूसरा फेरा (दोपहर): दोपहर का दूसरा फेरा केशव हॉस्पिटल स्टैंड से सुबह 11:00 बजे शुरू होगा जो दोपहर 12:30 बजे गाडरमाला पहुंचेगा और वहां से दोपहर 1:00 बजे प्रस्थान कर दोपहर 2:30 बजे वापस भीलवाड़ा लौट आएगा।
- तीसरा फेरा (शाम): शाम का तीसरा और अंतिम फेरा भीलवाड़ा से दोपहर 3:00 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे गाडरमाला पहुंचेगा, जहां से शाम 5:00 बजे वापसी कर यह बस शाम 6:30 बजे पुनः भीलवाड़ा पहुंचेगी।
साँवरिया सेठ के दर्शनों के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोढानी ने सभी भक्तों और आम जनता से अपील की है कि वे इस तय समय-सारणी को नोट करते हुए नगर निगम की इस सुगम व आरामदायक ई-बस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


