अस्पताल जाने का कहकर निकली महिला लापता, मथानिया थाने में गुमशुदगी दर्ज
बावड़ी (जोधपुर/निसार गौरी)। क्षेत्र के उम्मेदनगर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 34 वर्षीय महिला घर से अस्पताल जाने का कहकर निकली, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद भी जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित पति ने मथानिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मथानिया पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उम्मेदनगर निवासी झुमरलाल पुत्र मदनलाल माली ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया कि उसकी 34 वर्षीय पत्नी बबली देवी घर का रोजाना का काम निपटाकर अस्पताल जाने की बात कहकर निकली थी। जब वह कई घंटों तक वापस घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और आस-पास के अस्पतालों में बबली देवी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद थक-हारकर पति ने पुलिस की शरण ली। मथानिया थाना पुलिस ने पति की रिपोर्ट के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है और महिला की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और महिला के संभावित संपर्कों को खंगाल रही है।


