38 वर्ष की देश सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए सब-इंस्पेक्टर शेषाराम, पैतृक गांव नयाखेड़ा में हुआ भव्य स्वागत
तखतगढ़ मुख्य बाजार में ढोल-धमाकों के साथ निकाला जुलूस, जनप्रतिनिधियों ने साफा पहनाकर किया अभिनंदन
तखतगढ़ (बरकत खान) देश की राजधानी दिल्ली में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी का परचम लहराने के बाद, सब-इंस्पेक्टर (SI) शेषाराम परमार आखिरकार 38 वर्ष और तीन महीने की लंबी व गौरवशाली सेवा पूरी कर अपने गृहक्षेत्र लौटे। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उनके पैतृक गांव नयाखेड़ा आगमन पर ग्रामीणों ने उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में डूब गया।
- मुख्य बाजार में गूंजे ढोल-बाजे
शेषाराम परमार के सेवानिवृत्त होकर लौटने की खुशी में तखतगढ़ के मुख्य बाजार में एक विशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान पूरे रास्ते ढोल-नगाड़े बजते रहे। ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने जगह-जगह रुककर उन पर फूलों की बारिश की और भारी भरकम फूल-मालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया।
- साफा पहनाकर किया बहुमान
इस विशेष अवसर पर बधाई देने के लिए तखतगढ़ क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उनके निवास स्थान पहुंचे। कांग्रेस प्रदेश सचिव अनराज मेवाड़ा व नगर अध्यक्ष फुटमल सुथार ने पूर्व सब-इंस्पेक्टर को साफा और माला पहनाकर उनकी लंबी व निष्कलंक सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया।
"विभिन्न अभियानों में निभाई सक्रिय भूमिका"
- ग्रामीणों ने बताया कि शेषाराम परमार ने सेवाकाल के दौरान पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कड़े अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। दिल्ली पुलिस में रहते हुए उन्होंने कई बड़े और महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय व सराहनीय भूमिका निभाई, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
शेषाराम की इस देश सेवा पर उनके बड़े भाई देवाराम व छोटे भाई पताराम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके भाई ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस दौरान उनके पुत्र अशोक कुमार, तखतगढ़ नगरपालिका के निवर्तमान पार्षद भंवर मीना, सूरज वाल्मीकि, महामंत्री अर्जुन हीरागर, राजेश बारिया और दिनेश हीरागर सहित भारी संख्या में प्रबुद्धजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।


