कवलियास की गोचर भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग, ग्रामीणों ने PLPC को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) राजस्व ग्राम कनवलियास के समस्त ग्रामीणों ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, भीलवाड़ा स्थित पब्लिक लैंड प्रोटेक्शन सेल (PLPC) को ज्ञापन सौंपकर ग्राम की गोचर (चारागाह) भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटाने की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि गोचर भूमि के विभिन्न खसरा नंबरों पर लगातार अतिक्रमण, निर्माण, खेती एवं अन्य निजी उपयोग किए जाने से सार्वजनिक चारागाह क्षेत्र लगातार सिकुड़ता जा रहा है, जिससे गौवंश एवं अन्य पशुओं के लिए चारे का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में मांग की है कि संपूर्ण गोचर भूमि का संयुक्त राजस्व निरीक्षण कराया जाए, सीमांकन एवं सत्यापन किया जाए, सभी अवैध अतिक्रमणों की सूची तैयार कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए तथा अतिक्रमण हटाकर भूमि पुनः ग्राम पंचायत के कब्जे में दिलाई जाए। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने हेतु स्थायी चिन्ह, सूचना बोर्ड एवं सीमा चिन्ह स्थापित करने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को प्रताड़ित करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक गोचर भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर उसका उपयोग पुनः गौवंश, पशुपालकों एवं समस्त ग्राम समुदाय के हित में सुनिश्चित कराना है। ज्ञापन देने वाले विरेंद्र सिंह,रणजीत माली,भगवत सिंह,कैलाश जाट,शिवराज माली आदि ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।


