विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव, कानूनी अधिकार एवं हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी; विद्यालय में लगाई गई 'कोर्ट वाली दीदी' शिकायत पेटी
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के अध्यक्ष न्यायाधीश अनंत भंडारी तथा सचिव मोहनलाल सोनी के निर्देशानुसार शनिवार को महर्षि परशुराम उच्च माध्यमिक विद्यालय, रोनीजाथान (कठूमर) में साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता विषयक शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पीएलवी दीपक कुमार मीना ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी वेबसाइट एवं ऐप, सोशल मीडिया हैकिंग, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग और फिशिंग जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने विद्यालय परिसर में 'कोर्ट वाली दीदी' नाम से शिकायत पेटी भी स्थापित की, जिससे विद्यार्थी अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को गोपनीय रूप से दर्ज करा सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश जैमन ने साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक व्यक्ति को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने भारतीय कानूनों में साइबर अपराधों से संबंधित प्रावधानों एवं दंड की जानकारी भी दी।
शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श तथा लोक अदालतों के जरिए विवादों के समाधान की प्रक्रिया से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। साथ ही बताया गया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और आवश्यक होने पर निकटतम पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराएं।
पीएलवी दीपक कुमार मीना ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए नशे, साइबर अपराध एवं अन्य अनैतिक गतिविधियों से दूर रहकर जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिनमें डीएलएसए हेल्पलाइन 15100 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 प्रमुख हैं।
शिविर के अंत में विद्यार्थियों को ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, सुरक्षित वेबसाइटों से ही ऑनलाइन लेन-देन करने तथा सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखने की सलाह दी गई।

