मेरठ में सिरफिरे प्रेमी ने छात्रा को मारीं 3 गोलियां, फिर खुद को भी उड़ाया; टैटू को लेकर हुआ था विवाद
मेरठ (शशि जायसवाल) उत्तर प्रदेश के मेरठ में प्रेम-प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 12वीं की छात्रा के शरीर पर दूसरे युवक के नाम का टैटू देखकर नाराज प्रेमी ने उसे बीच सड़क पर तीन गोलियां मार दीं। वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है।
ट्यूशन से लौटते समय रोका रास्ता जानकारी के मुताबिक, 12वीं की छात्रा अनुष्का जब ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी, तब उसके प्रेमी आदित्य ने उसे रास्ते में रोक लिया। छात्रा के शरीर पर 'आर्यन' नाम का टैटू देखकर आदित्य उससे पूछताछ करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आदित्य ने पिस्तौल निकालकर छात्रा पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं।
-
आरोपी ने छात्रा पर तीन गोलियां चलाईं—एक सिर में और दो पेट में लगीं। गोलियों की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े, तो आरोपी ने पकड़े जाने के डर से खुद की छाती में गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसके पेट से दो गोलियां निकाल ली हैं, लेकिन सिर में फंसी गोली के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
जेल से छूटकर आया था आरोपी पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक आरोपी आदित्य इलाके का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे और वह करीब 10 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

