भव्य कलश शोभायात्रा के साथ कोटड़ी चारभुजा में हरिहर शिवमहापुराण कथा महोत्सव का शुभारंभ
गुरला (बद्री लाल माली) कोटड़ी चारभुजा। श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के अनुपम वातावरण में हरिहर शिवमहापुराण कथा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में सैकड़ों मातृशक्ति ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भगवान भोलेनाथ के जयघोष एवं कोटा से आई विशेष नाट्य ग्रुप द्वारा शिव तांडव की सुमधुर झांकियां का प्रदर्शन किया गया और भजन-कीर्तन के साथ नगर भ्रमण किया। संपूर्ण वातावरण "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के उद्घोष से शिवमय हो उठा।
शोभायात्रा के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन कर कथा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा व्यास परम श्रद्धेय गौवत्स पं. विष्णुश्री कृष्णतनय जी महाराज ने प्रथम दिवस की कथा में भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिवपुराण केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को पवित्र, संयमित और कल्याणकारी बनाने का दिव्य मार्ग है। भगवान शिव की कृपा से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होकर सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही तथा सभी ने कथा का भावपूर्वक श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
आयोजन समिति ने बताया कि कथा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल विविध धार्मिक अनुष्ठान, शिव महिमा का रसपूर्ण वर्णन तथा भक्ति संध्या के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया।
श्रीवल्लभ संकीर्तन सेवा संघ, भीलवाड़ाहरिहर शिवमहापुराण कथा महोत्सव आयोजन समिति, कोटड़ी चारभुजा

