पचलंगी में 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मातेश्वरी कुश्ती दंगल को लेकर बैठक आयोजित
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)। उपखंड क्षेत्र के पचलंगी गांव स्थित द्वारकेश्वर महादेव मंदिर परिसर के श्री जानकी वल्लभ मंदिर में बुधवार को आगामी 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) पर आयोजित होने वाले मातेश्वरी कुश्ती दंगल की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मानसिंह डीलर ने की।
मेला कमेटी के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पचलंगी में हर वर्ष 2 अक्टूबर को पारंपरिक मातेश्वरी कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पहलवान अपनी प्रतिभा दिखाने पहुँचते हैं। आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
भावरिया ने बताया कि मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए अगली बैठक 12 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इस आगामी बैठक के दौरान झड़ाया बालाजी मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज का विशेष सम्मान भी किया जाएगा।
इस बैठक में पुजारी ओमप्रकाश शर्मा, महेंद्र तेतरवाल, राहुल बड़सरा, मानसिंह बड़सरा, सुभाष नेचू, सत्यनारायण शर्मा, सानू शेखावत, सत्यनारायण चोटिया, ललित शर्मा और हरिप्रसाद गोयल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य एवं बुद्धिजीवी लोग उपस्थित रहे।

