संगम विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय 'दीक्षारंभ-2026' का आगाज़, नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दिए सफलता के मूल मंत्र
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल)। संगम विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनकी उच्च शिक्षा यात्रा के शुभारंभ के लिए तीन दिवसीय फ्रेशर्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम 'दीक्षारंभ-2026' का गुरुवार को टाउन हॉल में भव्य और गरिमामय वातावरण में आगाज़ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगीत तथा नए विद्यार्थियों के उत्साहजनक स्वागत के साथ किया गया।
"अर्निंग हमेशा लर्निंग में निहित होती है": कुलपति डॉ. करुणेश सक्सेना
कार्यक्रम के दौरान संगम समूह के चेयरमैन रामपाल सोनी, वाइस चेयरमैन डॉ. एस.एन. मोदानी, मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग सोनी, बोर्ड सदस्य पलक मोदानी, कुलपति प्रो. (डॉ.) करुणेश सक्सेना और रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार सहित विश्वविद्यालय परिवार के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन में कुलपति डॉ. करुणेश सक्सेना ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि व्यक्ति की वास्तविक 'अर्निंग' उसकी 'लर्निंग' में छिपी होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं वाइस चेयरमैन डॉ. एस.एन. मोदानी ने श्रीमद्भगवद्गीता के सार के माध्यम से जीवन में संस्कार, नैतिकता और सकारात्मक कर्मों के महत्व को समझाया।
चेयरमैन रामपाल सोनी का संदेश- कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलें
मुख्य अतिथि संगम समूह के चेयरमैन रामपाल सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, "समय की मांग के अनुसार स्वयं को निरंतर अपडेट रखना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। अपनी सोच को बड़ा रखें, नई तकनीकों को अपनाएं, अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलें और जीवन में मेंटल फिटनेस प्लान विकसित करें। हर सुबह एक नया अवसर लेकर आती है, इसलिए खुद पर विश्वास रखकर सीखते रहें।"
विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रोहित शर्मा को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने पर "कॉरपोरेट आइकन फॉर यूथ अवॉर्ड" से नवाजा गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए डॉ. लोकेश त्रिपाठी, डॉ. विकास सोमानी और डॉ. शादाब हुसैन का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के उत्तरार्ध में वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा डांस, रॉक बैंड और संगीत की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। अंत में एडमिशन हेड डॉ. अमित जैन ने आगामी दो दिनों की रूपरेखा पेश की तथा रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

