बावड़ी उपखंड क्षेत्र में नाग पंचमी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
बावड़ी (जोधपुर/ मिश्रीलाल लखारा) सावन मास के तीसरे सोमवार एवं नाग पंचमी के पावन अवसर पर बावड़ी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बावड़ी स्थित मेघसागर तालाब शिव मंदिर, आनंद अखाड़ा शिव मंदिर सहित मायावी पर्वतमाला लवेरा कला स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं संत बालकनाथ जी के सान्निध्य में नाग पंचमी के अवसर पर नाग देवता की पूजा-अर्चना की गई तथा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर क्षेत्र में सुख-शांति, अमन-चैन और खुशहाली की प्रार्थना की। मंदिर परिसरों में दिनभर भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहा। गौरक्ष धूमा में सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं यज्ञ का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। नाग पंचमी और सावन सोमवार के संयोग से पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

