दो पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट, तीन लोग घायल: मजदूरी को लेकर हुआ विवाद; अलवर जिला अस्पताल रेफर
अलवर के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसडावत गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए। मारपीट की घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहले पक्ष के घायल सुनील सैनी ने बताया कि वह कुंवर पाल के साथ बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रहा था। सुनील के अनुसार, उसकी कुछ मजदूरी बकाया थी। जब उसने कुंवर पाल से बकाया मजदूरी मांगी तो उसने पैसे देने से इनकार कर दिया।
सुनील का आरोप है कि इसके बाद कुंवर पाल ने उसके और उसके पिता धनसिंह के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। घटना में दोनों घायल हो गए।
- दूसरे पक्ष ने लगाया हमला करने का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के कुंवर पाल ने सुनील सैनी के आरोपों को खारिज किया है। कुंवर पाल के अनुसार, वह सुबह अपने काम पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सुनील और धनसिंह ने उस पर हमला कर दिया।
कुंवर पाल ने बताया कि उसका भाई सोनू पुत्र फूलचंद बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन हमलावरों ने उसके साथ भी डंडों से मारपीट कर दी। इस घटना में सोनू घायल हो गया।
- पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शुरू की जांच
मारपीट की सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ थाना पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। पुलिस ने घायलों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका के संबंध में पुलिस तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।

