टिकट का इंतजार नहीं: लक्ष्मणगढ़ निकाय चुनाव में पार्टी घोषणा से पहले ही प्रत्याशियों की सोशल मीडिया पर दावेदारी तेज
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका के प्रथम निकाय चुनावों की सुगबुगाहट के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। वार्डों के आरक्षण व लॉटरी प्रक्रिया संपन्न होने के बाद, प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा आधिकारिक टिकट वितरण से पहले ही संभावित उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी घोषित करना शुरू कर दिया है।
कस्बे में पहली बार हो रहे पालिका चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। एक तरफ जहां कई वार्डों में आपसी सहमति बनाने और रूठे हुए कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए सामाजिक स्तर पर सभाओं का दौर जारी है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के आधिकारिक निर्णय से पूर्व ही कई दावेदार प्रचार मैदान में उतर आए हैं।
- सर्वे और गुप्त पैनल पर टिकी नजरें
यद्यपि किसी भी दल ने अब तक आवेदन जमा करने या प्रत्याशी सूची जारी करने का सार्वजनिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन अंदरूनी तौर पर दोनों ही दल वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं का सर्वे करवा रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही शीर्ष नेतृत्व की मंशा इस बार केवल साफ-सुथरी छवि और जिताऊ (विनिंग) क्षमता रखने वाले कार्यकर्ताओं को ही मैदान में उतारने की है।
- निर्दलीय ताल ठोकने की चेतावनी
पार्टी स्तर पर फैसला होने से पहले ही दावेदारी करने वाले कार्यकर्ताओं के इस रुख से दोनों ही प्रमुख दलों के समक्ष चुनौती खड़ी हो सकती है। क्षेत्र में चर्चा है कि पसंदीदा वार्ड से टिकट नहीं मिलने की स्थिति में कई कार्यकर्ता निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, सभी दावेदार फिलहाल आधिकारिक सूची का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद ही आगामी रणनीति स्पष्ट हो सकेगी।

