दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: चलते ट्रेलर में घुसी कार, भीलवाड़ा निवासी युवक की मौत; तीन घायल
राजगढ़, अलवर(अनिल गुप्ता)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रैणी थाना क्षेत्र के चैनल नंबर 136 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार से जा रही एक कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार भीलवाड़ा के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
भीलवाड़ा निवासी कमलेश की मौके पर मौत: प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कार सवार कमलेश पुत्र जगदीश, निवासी प्रतापगढ़ (भीलवाड़ा) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार विक्रम, राजू और मस्सती गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को कराया भर्ती, यातायात कराया सुचारू: हादसे की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक कमलेश के शव को कब्जे में लेकर रैणी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया। वहीं तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रैणी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से एक्सप्रेस-वे से हटवाकर यातायात को पुनः सुचारू करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

