टपूकड़ा महाविद्यालय में तीन दिवसीय एनएसएस ओरियंटेशन प्रोग्राम का शुभारंभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में आज राष्ट्रीय सेवा योजना के नव प्रवेशित स्वयं सेविकाओं हेतु तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य डॉ महेंद्र प्रताप बायला एवं भामाशाह हरिओम गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के शुरुआत में स्वयं सेविकाओं शमशाद, तरमीना, अन्नू, अंकिता आदि के द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम अधिकारी डॉ उमा शर्मा ने सर्वप्रथम वर्ष भर चलने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना के विभिन्न कार्यक्रमों की संक्षिप्त में जानकारी देते हुए कार्यक्रम का उद्देश्य नव चयनित स्वयंसेवकों को एनएसएस के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भामाशाह हरिओम गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ सेवा एवं जीवन में सकारात्मकता के प्रभाव पर प्रकाश डाला।
उन्होंने स्वयं सेविकाओं को समाजहित में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पूर्व एनएसएस स्वयं सेविकाएं मुस्कान गर्ग, फरहा आदि ने अपने अनुभव साझा करते हुए एनएसएस से जुड़ने के बाद प्राप्त सीख एवं अनुभवों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। इस अवसर पर एनएसएस जिला समन्वयक प्रो मनोज चौपड़ा ने राष्ट्रीय सेवा योजना का विद्यार्थी जीवन में महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरुक किया। डॉ. रमेश चंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र विद्यार्थियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। प्रो रामचंद्र सामोता ने नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त भारत अभियान के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. सुनील दत्त ने मुख्य अतिथि, जिला समन्वयक, सभी वक्ताओं, महाविद्यालय प्राचार्य, स्टाफ सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

