खैरथल में 'पैड यात्रा' और 'पीरियड फेस्ट' से टूटी माहवारी पर चुप्पी
खैरथल (हीरालाल भूरानी) माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर खैरथल में 'सच्ची सहेली' संस्था द्वारा 'प्रोजेक्ट तरंग' के तहत एनपीसीआई के सहयोग तथा जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में 'पीरियड फेस्ट एवं पैड यात्रा' आयोजित की गई। इसमें सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
पैड के आकार की तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों और वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी। 'हम बोलेंगे, मुंह खोलेंगे, तभी जमाना बदलेगा' जैसे नारों से खुलकर संवाद का संदेश दिया।
भिवाड़ी स्टेडियम में आयोजित पीरियड फेस्ट में खेल, पहेलियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को माहवारी स्वच्छता की जानकारी दी गई। 'विश ट्री' पर बच्चों ने अपने सवाल और विचार साझा किए।
कार्यक्रम का उद्घाटन भिवाड़ी की अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि माहवारी सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है और इस विषय पर खुलकर बात करने की जरूरत है। जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार मेघ, मेडिकल ऑफिसर सागर अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संस्था की संस्थापिका डॉ. सुरभि सिंह ने कहा कि बच्चों को समय पर सही जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि 'प्रोजेक्ट तरंग' के तहत आगे भी स्कूलों में जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम ने संदेश दिया कि माहवारी शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि सामान्य जैविक प्रक्रिया है। सही जानकारी और खुला संवाद ही भ्रांतियों को दूर करने का रास्ता है।

