नीमला में पेड़ी बंध भोमियाजी के मेले से पूर्व निकाली ध्वज पदयात्रा
सकट क्षेत्र की नीमला ग्राम पंचायत की अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित ऐतिहासिक पेड़ी बंध भोमियाजी एवं संत बाबा के स्थान पर 11 सितंबर को वार्षिक मेला श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मेले के आयोजन से पूर्व ग्रामीणों ने डीजे की स्वर लहरियों के बीच नाचते गाते भव्य ध्वज पदयात्रा निकाली गई। ध्वज पदयात्रा गांव के प्राचीन गोपीनाथ मंदिर से विधिवत ध्वज पूजन के बाद गांव की नगर परिक्रमा करते हुए भोमियाजी एवं संत बाबा के स्थान पर पहुंची। ध्वज पदयात्रा के दौरान पुरुष श्रद्धालु अपने हाथों में ध्वज पताका लेकर भौमिया जी व संत बाबा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे वहीं महिला श्रद्धालु भजनों पर नृत्य करती हुई चल रही थी। इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मेले की कुंडी का मुख्य ध्वज यजमान राकेश बुरिया के द्वारा धारण किया गया, ध्वज पदयात्रा के कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने भोमियाजी एवं संत बाबा के स्थान ध्वज चढ़ाया और बाबा के जयकारे लगाए जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।

