चिड़वाई में बाबा श्याम के जागरण में उमड़ा श्याम भक्तों का सैलाब, भव्य दरबार और सुरीले भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
राधेश्याम गेरा, रामगढ़ (अलवर)
गोविंदगढ़ उपखंड क्षेत्र के चिड़वाई गांव स्थित राम मंदिर व धर्म कांटे के समीप श्री श्याम बिहारी मित्र मंडल और समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में बाबा श्याम का विशाल जागरण बड़ी धूमधाम व श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक दरबार रंग-बिरंगे देसी-विदेशी फूलों व जगमगाती आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिसके दर्शनों के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में श्याम भक्त पहुंचे।
अतिथियों ने की पूजा-अर्चना
धार्मिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, गोविंदगढ़ पंचायत समिति प्रधान शानो बाई तथा चिड़वाई ग्राम पंचायत प्रशासक सुरेश चंद्र ने बाबा श्याम के दरबार में अखंड ज्योति प्रज्वलित व पूजा-अर्चना कर किया। अतिथियों ने बाबा के समक्ष शीश नवाकर क्षेत्र में खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
मोहन रघुवंशी और अंजलि वृंदावन के भजनों पर मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु
जागरण की शुरुआत प्रसिद्ध भजन सम्राट मोहन रघुवंशी (अलवर) ने गणेश वंदना और मंगलाचरण से की। इसके पश्चात वृंदावन की मशहूर भजन गायिका अंजलि और गोरखपुर के राजू पंडित ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों द्वारा गाए गए “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे”, “लेने आजा खाटू वाले रींगस के उस मोड़ पर”, “छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना” और “तू कृपा कर बाबा, कीर्तन करवाऊंगा” जैसे भजनों पर पूरा पंडाल बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
समिति सदस्य व गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम बिहारी मित्र मंडल चिड़वाई के अध्यक्ष राजेश गलगट, अंकुश गड़ाई, सुनील मजोका, रिंकू गलगट, कुलदीप गुंदली, मोनू गड़ाई, सागर जोधा सहित मंडल के सभी सदस्यों और ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।

