ACB की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: 30 हजार की घूस में ट्रैप JEN के घर कुबेर का खजाना, 43.38 लाख कैश और 20 किलो चांदी बरामद
30 हजार की रिश्वत में धराया भुसावर AEN: ACB की खानातलाशी में मिला 'कुबेर का खजाना', 43.38 लाख कैश, 20 किलो चांदी और कई संपत्तियां बरामद
जयपुर ,विष्णु मित्तल
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देशों पर ACB चौकी भरतपुर इकाई द्वारा सोमवार (14 सितंबर 2026) को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए भुसावर (भरतपुर) पंचायत समिति के सहायक अभियंता (AEN) गोविंद प्रसाद के घर से 'कुबेर का खजाना' उजागर हुआ है। आरोपी के रिहायशी मकान की ली गई नियमानुसार खानातलाशी में ACB टीम को भारी मात्रा में नकदी, चांदी और बेशकीमती संपत्तियों के दस्तावेज हाथ लगे हैं।
नोटों की गड्डियां और चांदी की सिल्लियां देख उड़े अधिकारियों के होश
ACB रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में आरोपी AEN के आवास पर खानातलाशी अभियान चलाया गया। सर्च के दौरान आरोपी के घर से कुल 43,38,500 रुपये (तैंतालीस लाख अड़तीस हजार पांच सौ रुपये) की बिना हिसाब-किताब वाली नकदी और लगभग 20 किलोग्राम वजनी चांदी की सिल्लियां बरामद की गईं।
जयपुर और हिंडौन में मिलीं बेनामी संपत्तियां
ACB को खानातलाशी में सिर्फ कैश और चांदी ही नहीं, बल्कि कई बड़ी संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें कस्बा हिंडौन स्थित दो कमर्शियल दुकानें, मानसरोवर (जयपुर) स्थित राजस्थान हाउसिंग बोर्ड का एक बहुमंजिला मकान तथा कई अन्य भू-खंडों व अचल संपत्तियों के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।
आय से अधिक संपत्ति मामले में कसेगा शिकंजा
ACB अधिकारियों के अनुसार, बरामद नकदी, चांदी की सिल्लियों और प्रॉपर्टी पेपर्स के वैध स्रोतों व आय से मिलान की गहनता से जांच की जा रही है। प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PCC Act) के कड़े प्रावधानों के तहत आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई और अनुसंधान अमल में लाया जा रहा है।

