लक्ष्मणगढ़ में विकास के रास्ते 'करंट' का ब्रेक: नाले के बीच आया बिजली का ट्रांसफॉर्मर, हादसे का मंडराया खतरा
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
कस्बे में भगत सिंह सर्किल से बावड़ी की ओर जाने वाले मुख्य मालाखेड़ा रोड पर नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य में बिजली का ट्रांसफॉर्मर और खंभे बड़ी मुसीबत बन गए हैं। निर्माण मार्ग के ठीक बीचों-बीच आ रहे इस ट्रांसफॉर्मर को शिफ्ट न किए जाने के कारण नाले की खुदाई और पक्का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। नगर पालिका और विद्युत वितरण निगम (डिस्कोम) के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा क्षेत्रवासियों और दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है।
रास्ता खोदकर छोड़ा, हर वक्त मंडरा रहा हादसे का खतरा
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा नाला निर्माण के लिए सड़क किनारे गहरी खुदाई तो कर दी गई, लेकिन ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंचते ही काम रोक दिया गया। खुले में लटकते हाई-टेंशन बिजली के तारों और नीचे गहरी खुदाई के कारण यहां हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ट्रांसफॉर्मर न हटने से नाले का बहाव और एलाइनमेंट भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सड़क हुई संकरी, लग रहा लंबा जाम
क्षेत्रवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले ही पालिका प्रशासन को डिस्कोम अधिकारियों से समन्वय बनाकर इस ट्रांसफॉर्मर को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करवा लेना चाहिए था। इस लापरवाही के चलते मुख्य मार्ग संकरा हो गया है और दिनभर वाहनों के लंबे जाम लग रहे हैं, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द ट्रांसफॉर्मर शिफ्ट करने की उठी मांग
स्थानीय निवासियों व व्यापार मंडल ने जिला प्रशासन, पालिका प्रशासन और डिस्कोम के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रांसफॉर्मर को तुरंत अन्यत्र शिफ्ट किया जाए, ताकि नाला निर्माण समय पर पूरा हो सके और गंदे पानी की निकासी की समस्या से राहत मिल सके।

