तखतगढ़ पालिका में त्रिशंकु नतीजे: 'किंगमेकर' बने 5 निर्दलीय, बाजार में जोड़-तोड़ की सियासत गर्म
तखतगढ़ (पाली/ बरकत खान)। तखतगढ़ नगर पालिका चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद कस्बे के राजनीतिक गलियारों और बाजारों में चुनावी जोड़-तोड़ की चर्चाएं चरम पर हैं। 25 वार्डों वाली नगर पालिका में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत न मिलने से परिणाम त्रिशंकु रहे हैं। नतीजों के बाद 5 निर्दलीय पार्षद निर्णायक यानी 'किंगमेकर' की भूमिका में आ गए हैं।
पालिका में बोर्ड बनाने और अध्यक्ष (चेयरमैन) पद पर काबिज होने के लिए 13 पार्षदों के समर्थन की जरूरत है। 12 सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े से महज एक कदम दूर है। वहीं, 8 सीटों पर सिमटी कांग्रेस को सत्ता हासिल करने के लिए सभी 5 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन की दरकार
है।
निर्दलीय पार्षदों पर टिकी निगाहें- कस्बे में अब सारा दारोमदार जीत दर्ज करने वाले पांच निर्दलीय चेहरों पर टिक गया है:
- वार्ड 2: वेनाराम प्रजापत
- वार्ड 3: भरत सोनी
- वार्ड 5: हिना आबू राज
- वार्ड 10: रामचंद्र जीनगर
- वार्ड 22: शिल्पा (निर्विरोध)
21 सितंबर को फैसला, बाड़ेबंदी की सुगबुगाहट
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को होने वाले चुनाव को देखते हुए दोनों प्रमुख दलों ने निर्दलीयों को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। जहां भाजपा को अपना बोर्ड बनाने के लिए सिर्फ एक निर्दलीय के सहारे की जरूरत है, वहीं कांग्रेस किसी बड़े सियासी उलटफेर की जुगत में पांचों निर्दलीयों को एक मंच पर लाने की कोशिश में जुटी है। दोनों खेमों में बैठकों और मान-मनौव्वल का दौर जारी है।

