दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार का कहर: बस का फ्यूज ठीक कर रहे परिचालक को ट्रेलर ने रौंदा, दर्दनाक मौत
राजगढ़, अलवर (अनिल गुप्ता)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रैणी थाना क्षेत्र के चैनल नंबर 137 के समीप देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक्सप्रेस-वे पर खड़ी स्लीपर बस का फ्यूज ठीक कर रहे एक 18 वर्षीय परिचालक को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से दूसरी बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
फ्यूज ठीक करने के दौरान हुआ हादसा: जानकारी के अनुसार, दिल्ली से उदयपुर (श्रीनाथजी) जा रही तीन स्लीपर बसों में से एक बस की लाइट का फ्यूज खराब हो जाने के कारण उसे रास्ते में रोकना पड़ा था। इसे देखकर पीछे चल रही दूसरी बस भी रुक गई और उसका परिचालक भारत (18 वर्ष) पुत्र सुरेश कुमार निवासी सरस्वती विहार, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) नीचे उतरकर फ्यूज ठीक करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर मारते हुए दूसरी बस से टकराया ट्रेलर, चालक घायल: परिचालक को रौंदने के बाद बेकाबू ट्रेलर दूसरी बस से जा टकराया। इस दुर्घटना में बस चालक फरमान पुत्र शाहिद, निवासी सरस्वती विहार, गाजियाबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची रैणी पुलिस ने घायल को तुरंत पिनान चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर रेफर कर दिया गया।
यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाया, जांच शुरू: घटना के बाद तीसरी बस की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त बसों के यात्रियों को सुरक्षित पिनान पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतक परिचालक के शव को कब्जे में लेकर रैणी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

