साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर के कड़े निर्देश—संपर्क पोर्टल पर फर्जी राहत दिखाने पर रोक, DLOs हर हफ्ते 3 असंतुष्ट प्रकरणों की स्वयं करेंगे समीक्षा
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवादी को राहत प्रदान करते समय विशेष सावधानी बरती जाए तथा रिजेक्ट किए गए आवेदन को किसी भी स्थिति में ‘रिलीफ’ श्रेणी में दर्ज नहीं किया जाए। उन्होंने ‘Not Satisfied’ श्रेणी के प्रकरणों की प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी (DLO) द्वारा प्रत्येक सप्ताह कम से कम तीन ‘Not Satisfied’ प्रकरणों की स्वयं समीक्षा की जाएगी तथा इन प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी आगामी साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा परिवादियों को वास्तविक राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिवादों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं परिवादियों के संतुष्टि स्तर में सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, कृषि विभाग की दलहन प्रोसेसिंग यूनिट एवं कृषि प्रशिक्षण योजना तथा शिक्षा विभाग की पन्नाधाय योजना से संबंधित प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही जननी सुरक्षा योजना एवं मुख्यमंत्री युवा संबल योजना से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों से जुड़े प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभागों द्वारा किए गए कार्यों तथा पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने जिले की सड़कों को दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध कट एवं अनधिकृत स्पीड ब्रेकरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

