सड़क चौड़ाईकरण क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए 3 दिवस की अंतिम सूचना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं सड़क सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से काली बगीची से कोठारी स्टोन तक मॉडल रोड तथा आरबीएम हॉस्पिटल से चांदपोल तक सड़क चौड़ाईकरण का कार्य प्रगतिरत है।
आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया ने बताया कि उक्त सड़कों के चौड़ाईकरण हेतु निर्धारित एलाइनमेंट में कुछ स्थानों पर स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण किए गए हैं। इन अतिक्रमणों को हटाने के संबंध में प्राधिकरण द्वारा संबंधित व्यक्तियों को पूर्व में मौखिक रूप से अवगत कराने के साथ-साथ नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद आज दिनांक तक संबंधित व्यक्तियों द्वारा सड़क चौड़ाईकरण क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण नहीं हटाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ाईकरण कार्य को सुचारू रूप से पूर्ण करने के लिए संबंधित अतिक्रमणकारियों को अंतिम रूप से 3 दिवस का समय दिया गया है। उक्त सड़कों पर स्थाई अथवा अस्थाई अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति मौके पर बताई गई एवं की गई मार्किंग के अनुसार सड़क चौड़ाईकरण क्षेत्र से अपने अतिक्रमण आगामी 3 दिवस में स्वयं हटा लें। प्राधिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की स्थिति में 3 दिवस पश्चात प्राधिकरण द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान होने वाले हर्जे-खर्चे की समस्त जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारी व्यक्ति की होगी। भरतपुर विकास प्राधिकरण ने संबंधित नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में स्वयं अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ाईकरण कार्य में सहयोग प्रदान करें।

