विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत मंदिरों में हुए विविध कार्यक्रम
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) देवस्थान विभाग द्वारा औद्योन्मुख जिलों में स्थित राजकीय आत्मनिर्भर श्रेणी के मंदिरों में “विकसित भारत–जन सेवा अभियान” के तहत विभिन्न धार्मिक एवं जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत 24 सितम्बर को “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग भरतपुर ओम प्रकाश ने बताया कि विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत विभागीय गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में संबंधित जिलों के मंदिरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि भरतपुर के राजकीय आत्मनिर्भर श्री बिहारी जी किला भरतपुर, श्री लक्ष्मण जी भरतपुर एवं श्री गंगाजी भरतपुर मंदिर सहित डीग जिले के राजकीय आत्मनिर्भर श्री हरि कृपा जी डीग, धौलपुर जिले के राजकीय राजराजेश्वर श्री रामचन्द्र जी पुरानी छावनी तथा करौली जिले के राजकीय आत्मनिर्भर श्री प्रताप नवल बिहारी जी करौली और सवाईमाधोपुर जिले के राजकीय आत्मनिर्भर श्री रघुनाथ जी चूली, गंगापुरसिटी में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान देवस्थान विभाग की ओर से विभागीय प्रतिनिधि एवं नोडल अधिकारी के रूप में भरतपुर में सूरज भान तिवारी, जिला डीग में विशम्भर दयाल, धौलपुर में लक्ष्मीकांत त्यागी, करौली में जे.पी. चतुर्वेदी तथा सवाईमाधोपुर में मनोज कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

