खेलों में परचम: टोंक छिलरी स्कूल के विद्यार्थियों ने मारी बाजी, हैंडबॉल में 2 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टोंक छिलरी न केवल शैक्षणिक गतिविधियों में, बल्कि खेलकूद एवं सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपना लोहा मनवा रहा है। इसी क्रम में स्कूल के विद्यार्थियों ने पहली बार जिला स्तरीय अंडर-19 हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया और राज्य स्तर पर झुंझुनूं जिले का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है।
- नितिन और मनीषा राज्य स्तर पर दिखाएंगे हुनर
विद्यालय की प्रधानाचार्य संजू नेहरा ने बताया कि छात्र व छात्रा वर्ग में पहली बार अंडर-19 हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्कूल की टीमों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दो विद्यार्थियों—नितिन कुमार (पुत्र मनीराम) एवं मनीषा कुमारी सैनी (पुत्री नत्थूराम सैनी) का चयन राज्य स्तरीय टीम में हुआ है। राज्य स्तर पर चयन के उपरांत विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर दोनों विजेता टीमों व चयनित खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें आगामी मुकाबलों के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।
- विद्यालय परिवार व अतिथियों ने किया सम्मानित
सम्मान समारोह में विद्यालय स्टाफ एवं अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ खेलने के लिए बधाई दी। इस अवसर पर समसा एईन राजवीर झाझड़िया, ठेकेदार रामस्वरूप मीणा, राहुल सर्राफ, सीताराम भास्कर, उप प्रधानाचार्य मोनिका पालीवाल, व्याख्याता संदीप कुमार, हरीश कुमार, अर्पणा सैनी, वरिष्ठ अध्यापक रामलखन सैनी, सतीश कुमार पालीवाल, संजीव कुमार, अध्यापक जीवनराम, रमेशचंद्र शर्मा, सज्जन कुमार सैनी, ओम छापोला, शारीरिक शिक्षक कुलदीप, कार्यालय सहायक अभिषेक व नितेश कुमार सैनी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

