गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर 26 से 28 सितम्बर तक लगेंगे जनसेवा शिविर; जिला कलक्टर के सख्त निर्देश- 'कोई भी व्यक्ति निराश होकर न लौटे
गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर 26 से 28 सितम्बर तक लगेंगे 3 दिवसीय जनसेवा शिविर: जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा- 'मौके पर हो समस्याओं का समाधान, कोई निराश न लौटे'
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत भरतपुर जिले के सभी गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर 26 से 28 सितम्बर तक तीन दिवसीय विशेष जनसेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने शुक्रवार को वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में आने वाला कोई भी व्यक्ति निराश होकर न लौटे और मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रातः 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक जुटेंगे 22 विभाग
जिला कलक्टर ने बताया कि शिविर प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक (अथवा कार्य समाप्ति तक) संचालित होंगे। संबंधित उपखंड अधिकारियों (SDM) की देखरेख में आयोजित होने वाले इन शिविरों में राजस्व, पंचायतीराज, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि और पशुपालन सहित 22 प्रमुख विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहेंगे।
इन प्रमुख कार्यों का मौके पर ही होगा निस्तारण:
-
राजस्व एवं कृषि कार्य: राजस्व अभिलेखों का शुद्धिकरण, खातों का विभाजन, नामांतरण (म्यूटेशन), सीमा ज्ञान, रास्ते के विवाद, फार्मर रजिस्ट्री और विभिन्न प्रमाण-पत्र।
-
विकास एवं आवास योजनाएं: प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता संबंधी कार्य तथा ग्रामीण विकास की योजनाएं।
-
स्वास्थ्य एवं बिजली-पानी: स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड निर्माण, पशु स्वास्थ्य/बीमा तथा पेयजल व विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निवारण।
व्यापक प्रचार-प्रसार और शिकायतों की ट्रैकिंग के निर्देश
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गत अभियानों के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। इसके अलावा, शिविर में प्राप्त आवेदनों का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाएगा तथा जो विभाग अभियान में शामिल नहीं हैं, उनकी शिकायतों को पृथक रजिस्टर में दर्ज कर समयबद्ध निस्तारण हेतु भेजा जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के माध्यम से शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) राजीव शर्मा, सहायक कलक्टर आलोक सिंह, एसीईओ रेखा रानी व्यास सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं वीसी के माध्यम से उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।

