विकसित भारत में युवाओं का कितना रोल? जयपुर से भरतपुर तक गूंजा 'युवा संवाद', कलेक्ट्रेट में लाइव जुड़े युवा
यपुर से भरतपुर तक गूंजी विकसित भारत की गूंज: कलेक्ट्रेट सभागार में 'युवा संवाद' का लाइव प्रसारण, युवाओं ने साझा किए अपने नवाचार
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
'विकसित भारत जन सेवा अभियान' के तहत शुक्रवार को जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम की तपिश और गूंज भरतपुर तक महसूस की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए जिले भर के युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने इस राज्यस्तरीय संवाद का सीधा लाइव प्रसारण देखा।
जयपुर के मंच से उठी विकसित भारत की आवाज
राज्यसभा सांसद एवं अध्यक्ष नितिन नवीन के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुए इस भव्य आयोजन में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ की मौजूदगी में युवाओं ने देश और प्रदेश को विकसित बनाने के लिए अपने आइडियाज, नवाचार और सुझाव सीधे मंच से साझा किए।
भरतपुर कलेक्ट्रेट में युवाओं ने दिखाए कड़े तेवर और उत्साह
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठे भरतपुर के युवाओं ने जयपुर में चल रहे सीधे संवाद को ध्यानपूर्वक सुना और 2047 के विकसित राजस्थान व विकसित भारत के संकल्प में अपनी अहम भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। युवाओं का स्पष्ट कहना था कि जब तक देश का युवा तकनीक, शिक्षा और नवाचार से आगे नहीं बढ़ेगा, तब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता।
अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) राजीव शर्मा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के एसीपी पुष्पेंद्र कुंतल, 'माई भारत' के उपनिदेशक सुनील राना सहित विभिन्न महाविद्यालयों व शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

