भरतपुर में केन्द्रीय सहकारी बैंक की 73वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न; बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और समितियों को सुदृढ़ बनाने पर जोर

Sep 29, 2026 - 19:28
 0
भरतपुर में केन्द्रीय सहकारी बैंक की 73वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न; बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और समितियों को सुदृढ़ बनाने पर जोर

भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय 

केन्द्रीय सहकारी बैंक की 73वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन मंगलवार को आगरा रोड स्थित होटल सोनार हवेली में किया गया। बैठक की अध्यक्षता बैंक के प्रशासक एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी ने की। इस दौरान बैंक की वित्तीय प्रगति, भविष्य की योजनाओं और सहकारिता आंदोलन को गति देने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने का आह्वान

बैठक में प्रशासकीय उद्बोधन देते हुए जिला कलक्टर कमर चौधरी ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और बैंक की अब तक की उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने उपस्थित समिति अध्यक्षों और प्रशासकों का आह्वान किया कि वे ग्राम सेवा सहकारी समितियों को और अधिक प्रभावी व मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने ‘सहकार में सहकार’ विजन के तहत समिति अध्यक्षों से आग्रह किया कि वे अपनी बचत, आवर्ती एवं सावधि जमाएं सहकारी बैंक की शाखाओं में ही रखें। साथ ही, अवधिपार ऋणी सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क साधकर अधिकाधिक ऋण वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि समितियों और बैंक की वित्तीय स्थिति को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

बजट और विकास कार्यों पर बनी सहमति

बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा ने स्वागत उद्बोधन के साथ सदन के समक्ष वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित संतुलन पत्र, लाभ-हानि खाते तथा विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद एजेंडा के अनुसार गत वार्षिक साधारण सभा की कार्यवाही की पुष्टि, वास्तविक व्ययों, आगामी बजट, अधिकतम उधार क्षमता में छूट और अंश पूंजी में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। प्रबंध निदेशक ने सभी समिति अध्यक्षों को आश्वस्त किया कि सहकारिता विभाग के स्तर पर उनके सभी उचित मुद्दों का त्वरित समाधान कराया जाएगा।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार दीपक, क्षेत्रीय अंकेक्षक अधिकारी सुरेश कुमार मीणा, उप रजिस्ट्रार धौलपुर देवीदास बैरवा, बैंक के अधिशाषी अधिकारी अनिल कुमार बैरवा, उप रजिस्ट्रार भरतपुर शचीन्द्र चतुर्वेदी, अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी अंजली सिनसिनवार और विशेष लेखा परीक्षक आर.एन. मीना सहित सहकारिता विभाग एवं बैंक के तमाम अधिकारी व समिति अध्यक्ष मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................