किशनगढ़बास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पुराने सिक्के और करेंसी नोट खरीदने के नाम पर ठगी करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार

Oct 2, 2026 - 19:12
 0
किशनगढ़बास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पुराने सिक्के और करेंसी नोट खरीदने के नाम पर ठगी करने वाले 9 आरोपी गिरफ्तार

किशनगढ़बास / खैरथल-तिजारा

किशनगढ़बास पुलिस ने पुराने सिक्के और महंगे दामों में करेंसी नोट खरीदने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने बम्बोरा घाटा और कोटकासिम चौराहे के पास दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो गाड़ी और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें दर्जनों फर्जी प्रोफाइल और साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।

पहली कार्रवाई: बम्बोरा घाटा के पास दबोचा गिरोह

पुलिस के अनुसार, गश्त और चेकिंग के दौरान बम्बोरा घाटा के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नसीम (24) पुत्र अख्तर खान, मुनफेद (22) पुत्र अख्तर खान (दोनों निवासी न्याणा), साहिन (23) पुत्र पप्पू, मुनफेद (24) पुत्र अली मोहम्मद, और मोहित (19) पुत्र अकरम (तीनों निवासी दोंगड़ा) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर साहुदीन पुत्र कल्लू और वारिस पुत्र भूरू (निवासी दोंगड़ा) मौके से फरार होने में कामयाब हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

दूसरी कार्रवाई: कोटकासिम चौराहे से चार दबोचे गए

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने भिवाड़ी-अलवर हाईवे मार्ग पर स्थित कोटकासिम चौराहे से 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी भी पुराने नोट और सिक्के खरीदने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजान (20) पुत्र शहाबुद्दीन, रिजवान (24) पुत्र साहूकार (निवासी दोहलियों का बास-बाझोट), नासिफ (19) पुत्र हनीफ (निवासी मांदला, थाना रामगढ़) और साबिर उर्फ कीडू (22) पुत्र लल्लू (निवासी ताजू का बास-मिर्जापुर) के रूप में हुई है।

फर्जी आईडी और प्रलोभन का खेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर पुराने सिक्के और नोट लाखों रुपए में खरीदने के लुभावने वीडियो और मैसेज पोस्ट करते थे। जब कोई पीड़ित इनके झांसे में आकर संपर्क करता था, तो रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से रकम ट्रांसफर करवा ली जाती थी। इसके अलावा, खातों में गलती से पैसे जमा होने का फर्जी स्क्रीनशॉट या मैसेज भेजकर भी लोगों को भ्रमित किया जाता था।

देशभर से जुड़े हैं ठगी के तार

पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइलों की तकनीकी जांच में व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दर्जनों फर्जी प्रोफाइल और साइबर ठगी के साक्ष्य मिले हैं। साइबर क्राइम पोर्टल पर भी इन मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। फिलहाल, पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और देशभर में हुई वारदातों का ब्यौरा जुटा रही है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................