जयपुर नेशनल हाईवे पर हलैना के समीप भीषण हादसा: स्लीपर बस और मिनी ट्रक में टक्कर, बस चालक की दर्दनाक मौत
हलैना (भरतपुर) विष्णु मित्तल: जयपुर नेशनल हाईवे स्थित हलैना थाना क्षेत्र के बेरी गांव के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अजमेर से कानपुर जा रही एक स्लीपर कोच बस आगे चल रहे अंडों से लदे मिनी ट्रक (कंटेनर/कंट्रा) में पीछे से जा घुसी। भीषण टक्कर में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा करीब एक दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
अचानक ब्रेक लगने से हादसा, हाईवे पर बिखरे अंडे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक अजमेर से लखनऊ की ओर जा रहा था। हाईवे पर अचानक मिनी ट्रक चालक द्वारा ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे से आ रही स्लीपर बस का ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे मिनी ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक स्टीयरिंग में ही फंस गया और उसकी मौके पर ही सांसें थम गईं। दुर्घटना के बाद मिनी ट्रक हाईवे पर पलट गया, जिससे उसमें भरी अंडों की क्रेट्स पूरे हाईवे पर बिखर गईं। हादसे के तुरंत बाद मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
रात करीब ढाई बजे दुर्घटना की सूचना मिलते ही हलैना थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह व एएसआई जितेंद्र कुमार मय पुलिस जाप्ते के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक बस चालक की पहचान जफरुद्दीन (पुत्र रहीम खान), निवासी चंदौली (जिला अलवर) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

