सकट प्रीमियर लीग सीजन-2 का रोमांचक समापन: जगसोली टीम ने फाइनल मुकाबला जीतकर परचम लहराया
सकट: एसपीएल सीजन-2 का फाइनल मुकाबला जगसोली ने जीता, सकट की टीम उपविजेता रही
सकट (अलवर)
कस्बे की आसन की डूंगरी, खाक नाथ बाबा मंदिर के पास स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित ‘सकट प्रीमियर लीग (SPL) सीजन-2’ क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला सोमवार को संपन्न हुआ। खिताबी भिड़ंत में जगसोली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सकट टीम को 7 विकेट से हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
रोमांचक रहा खिताबी मुकाबला
आयोजकों के अनुसार, फाइनल मुकाबले में सकट की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 85 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगसोली टीम के खिलाड़ियों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 8.3 ओवरों में ही 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की।
फाइनल मैच में मुख्य अंपायर की भूमिका दिनेश बैंसला और लेग अंपायर की भूमिका राकेश मीणा ने निभाई। प्रतियोगिता के सभी मैचों का लाइव प्रसारण सकट स्पोर्ट्स यूट्यूब चैनल पर सुखराम मीना द्वारा किया गया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि और आयोजकों द्वारा विजेता जगसोली टीम को 21,000 रुपए नकद और ट्रॉफी तथा उपविजेता सकट टीम को 11,000 रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके साथ ही सभी खिलाड़ियों को उपप्राचार्य रामकेश मीणा द्वारा मेडल और ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया गया।
कमेटी अध्यक्ष धर्मवीर और लखन मीणा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्घाटन गत 2 अक्टूबर को समाजसेवी राजकुमार मीणा, फूलचंद सैनी, प्रकाश सैनी, जयलाल मीणा, मनमोहन सैनी, कौशल शर्मा, बन्ना राम मीणा और गिर्राज ठेकेदार ने फीता काटकर किया था। इस प्रतियोगिता में अलवर और दौसा जिले की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया था।
इस अवसर पर हरेंद्र मीणा, प्रकाश सैनी, लखन मीणा, धर्मवीर मीणा, राजेश मीणा, सुखराम मीना, राकेश मीणा, लोकेश मीणा, विजेंद्र मीणा, पिंटू गुर्जर, मलखान गुर्जर, रवि मीणा, कमलेश मीणा, सुमित मीणा और राहुल सहित क्षेत्र के तमाम खेलप्रेमी व ग्रामीण मौजूद रहे।

