देवउठनी एकादशी पर मंदिरों में गूंजे भजन-कीर्तन, अबूझ सावे पर रही शादियों की धूम
सकट (अलवर) कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी शुक्रवार को क्षेत्र में देवउठनी एकादशी (प्रबोधिनी एकादशी) के रूप में बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्तिक स्नान करने वाली महिला श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर कस्बा स्थित श्री बांके बिहारी जी महाराज मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की तथा भजन-कीर्तन किया। भजनों की स्वर लहरियों पर महिला श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर नृत्य भी किया।
बांके बिहारी मंदिर के महंत देवा दास महाराज ने बताया कि एकादशी के पावन पर्व पर मंदिर में विराजित भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, गणेश जी, हनुमान जी और शिव परिवार की प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार कर मनमोहक झांकी सजाई गई।
- घर-घर गूंजे मांगलिक गीत, शहनाइयों की रही गूंज
कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शाम के समय घर-घर में तुलसी-शालिग्राम व देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने पारंपरिक रूप से ‘उठो देव, बैठो देव...’ के मांगलिक गीत गाकर देवों को जगाया। इसके साथ ही देवउठनी एकादशी के अबूझ सावे के चलते कस्बे और आसपास के गांवों में विवाह समारोहों की खासी धूम रही और देर रात तक शहनाइयां गूंजती रहीं।

